प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय में पंद्रह दिनों तक चले इस विशेष अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने समाजसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की।

इस अभियान में चित्रकला, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता, रैली, स्वच्छता अभियान, नमो मैराथन में सहभागिता, स्वास्थ्य शिविर, पौधारोपण, गोदग्राम में स्वच्छता अभियान, स्वच्छता सर्वेक्षण, आंगनवाड़ी विजिट, स्कूल विजिट, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम जैसे विविध आयोजन किए गए।
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर अभियान का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. ए.सी. जैन ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा” का विचार अब व्यवहार में बदल रहा है और यही राष्ट्र निर्माण की सच्ची दिशा है।

महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भारत में सेवा को सदैव सर्वोच्च धर्म माना गया है। समाज की भलाई के लिए किया गया हर छोटा-बड़ा कार्य ही सच्ची राष्ट्रसेवा है। वहीं, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राजेश चौधरी ने कहा कि छोटे कदम बड़े बदलाव ला सकते हैं। यदि हर नागरिक इस अभियान को गंभीरता से ले, तो स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध भारत का सपना जल्द पूरा हो सकता है।

सेवा पखवाड़ा अभियान प्रभारी डॉ. रश्मि यादव ने कहा कि यह अभियान केवल 15 दिनों का आयोजन नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी आदत और संस्कार की नींव है, जो आने वाली पीढ़ियों को जिम्मेदार नागरिक बनाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से अपील की कि वे सफाई, रक्तदान, पौधारोपण और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएँ, क्योंकि सेवा ही राष्ट्र निर्माण की सच्ची दिशा है।
समापन अवसर पर सेविकाओं द्वारा NSS वाटिका में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार डॉ. रश्मि यादव ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय का संपूर्ण स्टाफ और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।