सागर। सोलहवें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उत्कृष्ट विद्यालय सागर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप जी आर रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मध्यप्रदेश गान से हुई। सहायक नोडल स्वीप डॉ. अमर कुमार जैन ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि भारत में 25 जनवरी 1950 को चुनाव आयोग की स्थापना हुई और 26 जनवरी को देश गणतंत्र बना। उन्होंने बताया कि ईवीएम का पहला प्रयोग 1982 में केरल के परावुर विधानसभा क्षेत्र में हुआ और 2004 में पूरे भारत में लागू किया गया। वर्ष 2010 में इसमें वीवीपैट भी शामिल किया गया।

कलेक्टर संदीप जी आर ने उपस्थित मतदाताओं और विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग निर्भीक होकर, बिना किसी प्रलोभन, धर्म, जाति या समुदाय के प्रभाव में आए बिना करना चाहिए। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संदेश भी छात्रों को दिखाया गया, जिसमें विशेष रूप से युवा मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निर्वाचक नामावली के विशेष प्रशिक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 विधानसभा क्षेत्रों के 26 बीएलओ को कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सागर जिले के बीना, खुरई और जैसीनगर में पेपरलेस पंचायत चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने एनसीसी कैडेट छात्राओं से संवाद किया और जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन तथा प्राचार्य सुधीर तिवारी को निर्देश दिए कि विद्यालय की दीवारों पर आईआईटी एवं नीट के प्रश्न पत्र चिपकाए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की तैयारी में मदद हो।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विवेक के व्ही, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, संयुक्त कलेक्टर राजनंदिनी शर्मा, एसडीएम अमन मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर रजत सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा, प्राचार्य सुधीर व आनंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।
अंत में कलेक्टर ने सभी उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व की याद दिलाई और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।