स्टाफ की कमी से इंडिगो की 300 फ्लाइट्स कैंसिल !

Spread the love

एविएशन सेक्टर में लागू हुए नए सुरक्षा नियमों का सीधा असर देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो पर दिख रहा है। लगातार तीसरे दिन क्रू की कमी के कारण इंडिगो का ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित रहा। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, गुरुवार को सिर्फ मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर ही कंपनी की 300 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल की गईं।

यात्रियों की परेशानियां बढ़ीं, आठ घंटे से अधिक इंतजार

पुणे एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। कई पैसेंजरों ने बताया कि उन्हें 8 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट के दोनों फ्लोर यात्रियों से भरे हुए थे और तीन यात्रियों के बेहोश होने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकांश यात्रियों की शिकायत है कि एयरलाइन की तरफ से कैंसिलेशन का कोई मैसेज तक नहीं भेजा जा रहा।

कहां कितनी उड़ानें रद्द हुईं

  • दिल्ली: 95 फ्लाइट्स रद्द (48 जाने वाली, 47 आने वाली)
  • मुंबई: 86 फ्लाइट्स
  • बेंगलुरु: 50 फ्लाइट्स
  • हैदराबाद: 70 फ्लाइट्स
  • जयपुर: 4 फ्लाइट्स
  • इंदौर: 3 फ्लाइट्स

बड़े शहरों में उड़ानों के लगातार रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी और अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है।

DGCA के नए नियम बने दबाव की वजह

DGCA ने 1 नवंबर से पायलटों और केबिन क्रू के लिए ड्यूटी आवर्स और आराम से संबंधित नए सुरक्षा नियम लागू किए हैं। इन नियमों के बाद एयरलाइंस को क्रू की शेड्यूलिंग नए सिरे से करनी पड़ रही है।
सूत्रों के अनुसार, इंडिगो में सबसे ज्यादा क्रू की कमी दिखाई दे रही है, क्योंकि उसके पास देश में सबसे बड़ा नेटवर्क और सबसे ज्यादा उड़ानें हैं।

इसी मुद्दे पर गुरुवार को इंडिगो के अधिकारी DGCA से मुलाकात करने पहुंचे और हालात सामान्य करने के उपायों पर चर्चा की।

यात्रियों के लिए मुश्किलें जारी

लगातार कैंसिलेशन से यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। एयरपोर्ट पर लंबी लाइनों, सीटों की कमी और सूचना न मिलने से यात्रियों में गुस्सा है।
कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा कर एयरलाइन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

नए नियमों का असर कितने दिनों तक रहेगा, यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन एविएशन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि क्रू मैनेजमेंट सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *