स्वच्छता ही सेवा अभियान का हुआ शुभारंभ !

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर सागर नगर निगम ने ‘‘स्वच्छोत्सव’’ थीम पर आधारित ‘‘स्वच्छता ही सेवा’’ राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। दीनदयाल चौराहा से इस अभियान का शुभारंभ विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री श्याम तिवारी, निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री, पार्षदों व नागरिकों की उपस्थिति में हुआ।

शुभारंभ अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा की धुलाई की और बसस्टैंड परिसर में स्वच्छता श्रमदान करते हुए नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को ‘‘स्वच्छता की शपथ’’ भी दिलाई गई।

विधायक शैलेन्द्र जैन का संबोधन

विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि महात्मा गांधी ने देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराया था, उसी तरह प्रधानमंत्री मोदी देश को गंदगी से आजादी दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। स्वच्छता पखवाड़ा इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बस स्टैंड पर श्रमदान करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने अब जन आंदोलन का रूप ले लिया है। लोग खुद अपने घर-आंगन, गली और मोहल्लों में सफाई कर दूसरों को प्रेरित कर रहे हैं। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैंड परिसर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करें ताकि सफाई कार्यों में बाधा न आए और कचरा जमा होकर ब्लैक स्पॉट न बने।

महापौर संगीता तिवारी का संदेश

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सागर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में 10वीं रैंक हासिल की है। यह नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान शहरभर में जन-जागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान और नागरिक सहभागिता पर विशेष जोर रहेगा।

निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार का वक्तव्य

निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में स्वच्छता ही सेवा अभियान को जन-आंदोलन बनाया जा रहा है। नगर निगम सागर भी सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण, योजनाओं के लाभ वितरण और जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से इस अभियान को सफल बना रहा है।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री की अपील

निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 18 से 20 सितम्बर तक सीटीयूएस इकाइयों का रूपांतरण, 21 से 23 सितम्बर तक सार्वजनिक स्थलों की सफाई, 24 सितम्बर को सफाई मित्र सुरक्षा शिविर, 25 सितम्बर को स्वच्छता श्रमदान, 26 सितम्बर को क्लीन-ग्रीन उत्सव, 29 से 30 सितम्बर तक जन-जागरूकता अभियान और 2 अक्टूबर को ‘‘स्वच्छ भारत दिवस’’ पर अभियान का समापन किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग अपने घरों, दुकानों और आसपास सफाई रखें। खुले में प्रसाधन या पेशाब करने वालों को रोकें-टोकें और उन्हें नजदीकी सार्वजनिक शौचालय/यूरिनल का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें, ताकि ‘‘यलो स्पॉट’’ पूरी तरह समाप्त किए जा सकें।

अन्य जनप्रतिनिधियों के विचार

वरिष्ठ भाजपा नेता श्री श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत में आलोचना हुई थी, लेकिन आज यह सफल जन आंदोलन साबित हुआ है। अब हर नागरिक अपने आसपास सफाई रखकर दूसरों को भी प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *