भोपाल/प्रदेश प्रतिनिधि। स्वामी विवेकानंद की जयंती को मध्यप्रदेश में ‘युवा दिवस’ के रूप में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर के शासकीय और निजी स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर योग, ध्यान और सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाते हुए युवाओं को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से सशक्त बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों के दौरान स्वामी विवेकानंद के विचारों, योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली पर विशेष जोर दिया गया।

योग आत्मा से परमात्मा का मिलन : उप मंत्री जगदीश देवड़ा
कुमार इंदर, जबलपुर। मॉडल हाई स्कूल में आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में उप मंत्री जगदीश देवड़ा शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग आत्मा से परमात्मा का मिलन है और इसे हर व्यक्ति को अपने व्यावहारिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। योग से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मन और मस्तिष्क भी सशक्त होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योग की अहम भूमिका है। स्वामी विवेकानंद ने विश्वभर में भारतीय योग और संस्कृति का प्रचार-प्रसार किया। कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह, नगर निगम अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
इंदौर में 3 हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार
चंकी बाजपेयी, इंदौर। युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से इंदौर के आरएपीटीसी ग्राउंड, महेश गाइडलाइन में विशाल सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शासकीय और निजी स्कूलों के लगभग 3 हजार विद्यार्थियों के साथ जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी शांता स्वामी भार्गव ने बताया कि युवा दिवस के अवसर पर जिलेभर में योग और सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

ग्वालियर में 2 लाख विद्यार्थियों ने एक साथ किया सूर्य नमस्कार
कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। युवा दिवस पर प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट के मुख्य आतिथ्य में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक स्कूल, शिक्षानगर में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिले के लगभग 2 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में करीब 2 लाख छात्र-छात्राओं ने एक साथ सूर्य नमस्कार किया। कार्यक्रम से पूर्व आकाशवाणी से प्रसारित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’, स्वामी विवेकानंद का रिकॉर्डेड ऑडियो संदेश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण किया गया।
मंत्री सिलावट ने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों को अपनाकर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नरसिंहपुर में मंत्रियों और विधायकों ने किया योगाभ्यास
दीपक कौरव, नरसिंहपुर। युवा दिवस के अवसर पर मंत्री प्रहलाद पटेल, मंत्री उदय प्रताप सिंह, विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल और विधायक महेंद्र नागेश ने भी योग अभ्यास कर सूर्य नमस्कार किया।
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने रुक्मिणी देवी पब्लिक स्कूल में, जबकि मंत्री प्रहलाद पटेल ने नरसिंहपुर जिला मुख्यालय पर सूर्य नमस्कार किया। विधायक विश्वनाथ सिंह ने कौड़िया स्कूल में सूर्य नमस्कार कर आमजन को प्रतिदिन सुबह योग और सूर्य नमस्कार करने की सलाह दी।

सिंगरौली में स्वस्थ जीवनशैली का दिया गया संदेश
सुरेश कुमार, सिंगरौली। जिले में बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर योग और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री राधा सिंह, विधायक रामनिवास शाह और विधायक राजेंद्र मिश्रा मौजूद रहे।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि सूर्य नमस्कार भारतीय योग परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जो शरीर को निरोग रखने के साथ मानसिक शांति और आत्मबल भी प्रदान करता है।
युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचार अपनाने की अपील
प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों—उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको—को जीवन में उतारने का संदेश दिया गया। युवा दिवस के आयोजनों ने यह संदेश स्पष्ट किया कि योग, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की नींव है।