दतिया। शहर के हरदौल मोहल्ले में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे फंदे से उतारकर तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरदौल मोहल्ला निवासी रामकिशन उर्फ भूरे कुशवाह (40) ने अपने घर में साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली। घटना की जानकारी सबसे पहले उसके भतीजे मनीष कुशवाह को लगी। मनीष ने बुधवार रात करीब 9 बजे अपने चाचा कल्लू कुशवाह को फोन कर बताया कि रामकिशन ने घर में फांसी लगा ली है।
सूचना मिलते ही कल्लू कुशवाह तुरंत घर पहुंचे। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से रामकिशन को फंदे से नीचे उतारा गया और उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार मृतक रामकिशन कुशवाह अपने परिवार के साथ हरदौल मोहल्ले में रहता था। मृतक के भाई का आरोप है कि उसकी पत्नी कुछ समय से उसके साथ नहीं रह रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी कारण उसने यह कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।