हाईवे स्थित ढाबे पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार !

Spread the love

सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में एक हाईवे स्थित ढाबे पर 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है, जिनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, शहडोल जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती वर्तमान में सागर में किराए के मकान में रह रही थी। 1 और 2 जनवरी की दरम्यानी रात वह बहेरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अंकुर नाम के युवक से हुई, जिसे वह पहले से जानती थी।

परिचित युवक ने बातों में उलझाया, कमरे में ले जाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता के बयान के अनुसार, बातचीत के दौरान अंकुर ने उसे बहकाते हुए ढाबे के एक कमरे में ले गया। वहां पहले से मौजूद उसके दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर तीनों ने युवती के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

तबीयत बिगड़ने पर बीएमसी में भर्ती, डॉक्टर ने पुलिस को दी सूचना

घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे सागर के बीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पीड़िता ने डॉक्टरों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर द्वारा गोपालगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान दर्ज किए।

घटना स्थल बहेरिया थाना क्षेत्र में होने के कारण केस संबंधित थाने को ट्रांसफर किया गया। देर रात करीब 3 बजे पीड़िता को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *