हाथठेला छीने जाने से आक्रोशित युवक ने एसपी कार्यालय में लगाई सब्जी की दुकान !

Spread the love

सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को उस समय अनोखा और चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिला, जब एक युवक सब्जी की टोकरी लेकर परिसर में पहुंचा और तिरपाल बिछाकर विरोध स्वरूप सब्जी की दुकान लगा ली। युवक का आरोप है कि उसका सब्जी का हाथठेला जबरन छीन लिया गया, लेकिन थाने में शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित युवक की पहचान कौशल राठौर, निवासी गुलाब कॉलोनी के रूप में हुई है। कौशल ने बताया कि उसने 2 जुलाई को अशोक यादव नामक व्यक्ति से 6 हजार रुपए में सब्जी का हाथठेला खरीदा था। दोनों के बीच यह सौदा मौखिक रूप से तय हुआ था, जिसके बाद उसने पूरी राशि देकर हाथठेला ले लिया और सब्जी बेचकर अपनी आजीविका चलाने लगा।

मारपीट कर ठेला छीनने का आरोप

कौशल राठौर के अनुसार, 16 दिसंबर को अशोक यादव अपने कुछ साथियों के साथ उसके पास आया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले हाथठेले पर रखी सब्जियां नीचे फेंक दीं, फिर गाली-गलौज करते हुए विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वे जबरन हाथठेला उठाकर अपने साथ ले गए।

थाने में शिकायत, नहीं हुई सुनवाई

पीड़ित ने घटना की शिकायत गोपालगंज थाने में दर्ज कराई। उसका आरोप है कि पुलिस ने शिकायत लेने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। युवक का कहना है कि पुलिस हाथठेले को मौके पर देखकर भी आई, लेकिन न तो हाथठेला वापस दिलाया गया और न ही आरोपियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई हुई।

न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय में प्रदर्शन

पुलिस कार्रवाई न होने से आहत कौशल राठौर सब्जी लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा और परिसर में ही दुकान लगाकर बैठ गया। उसने स्पष्ट कहा कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा और उसका हाथठेला वापस नहीं दिलाया जाएगा, तब तक वह वहीं बैठा रहेगा।

युवक के इस विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और उससे बातचीत की। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कर शीघ्र हाथठेला वापस दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद युवक ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *