नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने मंगलवार को इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10 साल पूरे कर लिए। जनवरी 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल मैच से डेब्यू करने वाले हार्दिक ने बीते एक दशक में खुद को टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर्स में शुमार किया है। आक्रामक बल्लेबाजी, उपयोगी गेंदबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस खास मौके पर हार्दिक पंड्या ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि यह सफर उनके लिए सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि सीख, संघर्ष और आत्मविश्वास से भरा हुआ रहा है। हार्दिक ने कहा कि यह उनके करियर की केवल शुरुआत है और वे अभी अपने क्रिकेट सफर के अगले चरण की ओर बढ़ रहे हैं।

“यह तो बस शुरुआत है”
इंस्टाग्राम पोस्ट में हार्दिक पंड्या ने लिखा, “आप सभी को मेरा प्यार, हर चीज के लिए धन्यवाद। धन्यवाद भगवान, उन सभी मुश्किलों और चुनौतियों के लिए जिनकी वजह से मैं यहां तक पहुंच पाया। उन सभी लोगों के भरोसे के लिए। इस जिंदगी को जीने का मौका देने के लिए। इन सालों ने मुझे सिखाया है कि यह तो बस शुरुआत है। मैंने उन रास्तों पर अभी चलना शुरू ही किया है, जिस पर सचमुच में मैं चलना चाहता हूं।”
उनके इस संदेश ने फैंस और क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया, जहां हजारों प्रशंसकों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाइयां दीं।
बड़े टूर्नामेंटों में अहम भूमिका
हार्दिक पंड्या का करियर कई यादगार पलों से भरा रहा है। उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए थे, जो भारत की जीत में निर्णायक साबित हुए। इसके अलावा वे टी-20 वर्ल्ड कप 2024 चैंपियन टीम और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी विजेता भारतीय टीम का भी अहम हिस्सा रहे। इन टूर्नामेंटों में उन्होंने कई मौकों पर संकट में फंसी टीम को संभाला और मैच जिताऊ प्रदर्शन किए।

बड़ौदा से टीम इंडिया तक का सफर
दाहिने हाथ के इस ऑलराउंडर ने घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा से अपने करियर की शुरुआत की थी। मेहनत, आत्मविश्वास और आक्रामक खेल शैली के दम पर उन्होंने जल्द ही राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। पिछले दस वर्षों में हार्दिक पंड्या ने खुद को बड़े मैचों का खिलाड़ी साबित किया है। चाहे बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, उन्होंने हर भूमिका में टीम इंडिया को मजबूती दी है।
आगे भी देश के लिए योगदान देने का संकल्प
हार्दिक पंड्या ने अपने संदेश में यह साफ किया कि वे आगे भी भारतीय क्रिकेट के लिए और योगदान देना चाहते हैं। उनके अनुसार, यह सफर अभी खत्म नहीं हुआ है और आने वाले वर्षों में वे खुद को और बेहतर खिलाड़ी के रूप में पेश करना चाहते हैं।
हार्दिक पंड्या का यह 10 साल का सफर न केवल उपलब्धियों से भरा रहा है, बल्कि संघर्षों से उबरकर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है। क्रिकेट प्रेमियों को अब उनके करियर के अगले अध्याय का बेसब्री से इंतजार है।