1 करोड़ से 6-लेन फ्लाइओवर का भूमिपूजन, सिंहस्थ से पहले पूरा होगा निर्माण !

Spread the love

भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे पर स्थित खजूरी जंक्शन से होकर गुजरने वाले वाहनों को अब जाम की मशक्कत नहीं झेलनी पड़ेगी। बुधवार को यहां बहुप्रतीक्षित सिक्सलेन फ्लाइओवर के निर्माण कार्य की शुरुआत विधिवत भूमिपूजन के साथ हो गई। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भूमि पूजन कर परियोजना की औपचारिक शुरुआत की।

कुल 31 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह फ्लाइओवर लगभग 850 मीटर लंबा होगा और इसे मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) तैयार करेगा। यही संस्था भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे का निर्माण भी कर चुकी है। बताया गया कि यह परियोजना न केवल भोपाल और इंदौर के बीच यातायात को सुगम बनाएगी बल्कि यह भविष्य में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान भी भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण में अहम भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि यह फ्लाइओवर इंदौर-भोपाल हाईवे और भोपाल बायपास जंक्शन पर लगने वाले लगातार जाम से राहत देगा। साथ ही सिंहस्थ अवधि में लाखों श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद करेगा।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हुजूर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है और अब ग्रामीण क्षेत्र भी शहरी सुविधाओं से लैस हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिनों में क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ है। इनमें कोलार रोड पर मंदाकिनी चौराहा से दानिशकुंज चौराहा तक फोरलेन और सूखी सेवनिया में सिक्सलेन फ्लाइओवर जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार एमपीआरडीसी को यह फ्लाइओवर 18 महीने में बनाकर तैयार करना है और सेवा मार्गों के साथ फ्लाइओवर पर आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। लक्ष्य है कि 2028 में होने वाले सिंहस्थ से पहले यह परियोजना पूरी हो जाए ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *