10 जनवरी को खुरई आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का होगा भव्य स्वागत !

Spread the love

खुरई।
युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने कहा है कि आगामी 10 जनवरी को खुरई नगर में माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन प्रस्तावित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा, जिसमें जनभागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए आयोजित रथ सभा खुरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जरवांस, मुकारमपुर, कठेली, बरोदिया नोनगर, सागर नाका होते हुए ग्राम शब्दा से निकाली गई, जिसे क्षेत्रवासियों का भरपूर समर्थन मिला।

अविराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण भी प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में जनता की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु एक नई पहल की गई है, जिसके अंतर्गत व्हाट्सएप नंबर 9893439855 जारी किया गया है। इस नंबर पर खुरई विधानसभा क्षेत्र के नागरिक अपने सुझाव भेज सकते हैं कि क्षेत्र में किन विकास कार्यों की आवश्यकता है और किन कमियों को दूर किया जाना चाहिए। प्राप्त सुझावों के आधार पर मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा कि खुरई विधानसभा के विकास को और अधिक गति दी जाए।

उन्होंने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र विकास के मामलों में देश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल है, इसके बावजूद अभी भी कई आवश्यक कार्य शेष हैं। उन्होंने पार्कों के विकास, स्कूलों के सुदृढ़ीकरण, नालियों एवं सड़कों के निर्माण, कई मंदिरों के जीर्णोद्धार तथा बीना नदी का जल विधानसभा क्षेत्र के सभी हिस्सों तक पहुंचाने को अत्यंत आवश्यक बताया। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करना, अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा नए उद्योगों की स्थापना कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकताओं में शामिल है।

अविराज सिंह ने कहा कि 10 से 12 वर्ष पूर्व खुरई विधानसभा क्षेत्र की स्थिति और आज की स्थिति में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि विकास ही हर समस्या का समाधान है। विकास से रोजगार बढ़ता है, सम्मान बढ़ता है और समाज में समृद्धि आती है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, इसलिए विधानसभा क्षेत्र को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाते रहना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद देश और प्रदेश में विकास को नई दिशा मिली है। लाड़ली बहना योजना से मातृशक्ति आत्मनिर्भर बनी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं। इसके साथ ही मुफ्त शौचालय निर्माण, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने देश को सशक्त बनाया है।

अविराज सिंह ने कहा कि वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार भाजपा सरकार के 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं, जो देश की आर्थिक प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने जीएसटी 2.0 के माध्यम से टैक्स प्रणाली में सुधार, प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 65 करोड़ से अधिक बैंक खातों के खुलने तथा इनमें 65 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी को महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम लला के भव्य मंदिर का निर्माण भारतीय संस्कृति और आस्था का ऐतिहासिक प्रतीक है। भाजपा का संकल्प “विकास भी और विरासत भी” है। संस्कृति का संरक्षण करते हुए राष्ट्र को आगे बढ़ाना ही पार्टी का उद्देश्य है। उन्होंने रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

अविराज सिंह ने सेवा को भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि “सेवा ही परम धर्म” है। सेवा से समाज और राष्ट्र मजबूत होता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य को प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से आगाह करते हुए कहा कि आज देश के 60 प्रतिशत से अधिक युवा 21 वर्ष से कम आयु में नशे की चपेट में आ रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। नशा युवाओं की ऊर्जा, आत्मविश्वास और सोचने की क्षमता को नष्ट करता है तथा समाज में अपराध को जन्म देता है। उन्होंने सभी युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्ही बाई अहिरवार, राहुल प्रसाद चौधरी, जमना प्रसाद अहिरवार, रविन्द्र सिंह राजपूत (बरोदा), ओमप्रकाश सिंह ठाकुर (विलैया), सुरेन्द्र सिंह ठाकुर (सियाखेरी), राजनारायण कुर्मी (आशोली), बृजभूषण कुशवाहा (नरोदा), राजकुमारा सिंह राजपूत, मनोहर साहू (खुरई), हरिशंकर कुशवाहा, राहुल चौधरी, प्रवीण जैन, रामशास्त्री शुक्ला, आलोक कुशवाहा, राज ठाकुर, यशराज ठाकुर, काशी राम अहिरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *