मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र में 11वीं के छात्र ने अपने ही अपहरण की साजिश रच डाली। 17 वर्षीय छात्र 28 जुलाई को लापता हुआ था। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अगले दिन बहन के इंस्टाग्राम पर 30 लाख की फिरौती का कॉल आया। पुलिस ने गंभीरता से मामला लिया और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

साइबर टीम ने CCTV फुटेज खंगालते हुए छात्र को ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर अकेले बैठे हुए पाया। वहां उसकी मुलाकात दो अजनबियों, बिट्टा जाटव और राहुल से हुई। बातचीत के बाद छात्र ने दोनों को अपने फर्जी अपहरण की योजना में शामिल कर लिया। ग्वालियर किले की तलहटी में उन्होंने हाथ बांधकर बंधक जैसी फोटो खींची और बहन से फिरौती मांगी।

पुलिस ने तीनों को ट्रेस कर गिरफ्तार किया। बिट्टा जाटव ग्वालियर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ में छात्र ने जुर्म कबूल किया। एसपी समीर सौरभ ने बताया कि मुरैना से ग्वालियर तक 200 से ज्यादा CCTV खंगाले गए। पुलिस तीनों को आरोपी बना रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।