2026 की धमाकेदार शुरुआत: एक्शन से साइंस तक अमृता खानविलकर ने फिर साबित की अपनी वर्सेटिलिटी !

Spread the love

मुंबई।
टीवी, फिल्म, थिएटर और अब ओटीटी—हर मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा चुकीं अभिनेत्री अमृता खानविलकर के लिए साल 2026 की शुरुआत बेहद खास और यादगार साबित हो रही है। साल के पहले ही महीने में उनकी दो वेब सीरीज रिलीज हुई हैं, जिनमें अलग-अलग जॉनर, किरदार और अभिनय की परतें देखने को मिलीं। खास बात यह रही कि एक सीरीज में उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी के साथ स्क्रीन शेयर की, जबकि दूसरी में वह वैज्ञानिकों की दुनिया में दर्शकों को ले जाती नजर आईं।

एक्शन, ड्रामा और रियलिस्टिक स्टोरीटेलिंग के इस दौर में अमृता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वह किसी एक इमेज या जॉनर तक सीमित नहीं हैं।


बिना किसी रेजोल्यूशन के ‘रॉकिंग’ शुरुआत

2026 की इस शानदार शुरुआत को लेकर अमृता कहती हैं कि यह सब बिल्कुल सहज तरीके से हुआ।
उनके शब्दों में,

“इस बार मैंने कोई न्यू ईयर रेजोल्यूशन नहीं लिया था, और शायद इसी वजह से सब कुछ अपने आप सही दिशा में होता चला गया।”

वह उस वक्त मराठी थिएटर की रिहर्सल में व्यस्त थीं, जब उन्हें दिसंबर में कॉल आया कि उनकी वेब सीरीज ‘तस्करी’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। प्रमोशन के लिए जिन दो तारीखों की जरूरत थी—7 और 8 जनवरी—संयोग से वह पूरी तरह फ्री थीं।
“सब कुछ बिना किसी भागदौड़ के हो गया और दर्शकों से जो प्यार मिला, वह मेरे लिए बहुत खास है,” अमृता बताती हैं।


‘तस्करी’ और ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’—दो बिल्कुल अलग दुनिया

अमृता की दोनों सीरीज एक-दूसरे से बिल्कुल अलग जॉनर की हैं।
‘तस्करी’ में वह एक्शन से भरपूर किरदार में नजर आईं, वहीं ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ में उनका किरदार साइंस और रिसर्च की दुनिया से जुड़ा है।

दिलचस्प बात यह है कि ‘तस्करी’ में मिताली कामथ का रोल उनके लिए पहले से तय नहीं था। उन्हें किसी और किरदार के ऑडिशन के लिए बुलाया गया था। लेकिन डायरेक्टर नीरज पांडे और राघव जुयाल को कुछ ऐसा नजर आया कि उन्होंने अमृता से मिताली के किरदार के लिए भी ऑडिशन देने को कहा।

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें एक्शन आता है, तो अमृता ने ईमानदारी से जवाब दिया—

“एक्शन नहीं आता, लेकिन मैं डांसर हूं, इसलिए कोरियोग्राफी समझती हूं।”

इसके बाद डेढ़ घंटे तक स्टंट रिहर्सल हुई और उसी दिन उन्हें रोल मिल गया।


स्टंट के दौरान चोट और फिर भी शूटिंग

‘तस्करी’ के सेट से जुड़ा एक किस्सा अमृता आज भी याद करती हैं। एक एक्शन सीन के दौरान गलती से उनका मुक्का स्टंटमैन की हड्डी पर लग गया। उसका हाथ चोटिल हुआ और अमृता का हाथ भी सूज गया।
इसके बावजूद उन्हें तुरंत किक बॉक्सिंग मोंटाज के लिए फोटोशूट करना था।

“मैंने ग्लव्स पहने, दर्द को नजरअंदाज किया और शूट किया। अब यही किस्से आगे चलकर अपने ग्रैंडचिल्ड्रन को सुनाऊंगी,” वह मुस्कुराते हुए कहती हैं।


इमरान हाशमी: सेट पर एक अलग ही ऑरा

‘तस्करी’ में अमृता ने इमरान हाशमी के साथ काम किया, और इस अनुभव को वह बेहद खास मानती हैं।
एक सीन के दौरान जब उन्हें चोट लगी, तो इमरान हाशमी तुरंत उनके पास पहुंचे, शूट रुकवाया, आइस बकेट मंगवाया और खुद उनका हाथ पकड़कर बर्फ में डलवाया।

“दर्द से मेरी आंखों में आंसू आ गए थे, लेकिन उन्होंने मुझे संभाला। सच कहूं तो ‘अख्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’,” अमृता कहती हैं।

वह बताती हैं कि सेट पर कई मेकअप आर्टिस्ट और क्रू मेंबर्स सिर्फ इमरान को देखने या उनके साथ फोटो खिंचवाने की इच्छा जताते थे।
“उनके साथ काम करने में एक अलग तरह का कंफर्ट है। न उन्हें फेलियर से फर्क पड़ता है, न सक्सेस से। उनका ऑरा ही अलग है।”


OTT: जहां कंटेंट असली हीरो है

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मिल रहे मौकों को लेकर अमृता मानती हैं कि यह माध्यम सबसे ज्यादा राइटर्स और किरदारों को ताकत देता है।
उनके मुताबिक,

“ओटीटी पर डार्क, ग्रे या अनकंवेंशनल किरदारों को भी दर्शक स्वीकार कर लेते हैं। यहां हीरो-हीरोइन नहीं, सिर्फ कंटेंट चलता है।”

वह जयदीप अहलावत, तिलोत्तमा शोमे और कोंकणा सेन शर्मा जैसे कलाकारों का जिक्र करते हुए कहती हैं कि ओटीटी ने भारतीय अभिनय को एक नई ईमानदारी दी है।


थिएटर से जुड़ाव और मराठी रंगभूमि में डेब्यू प्रोड्यूसर के तौर पर

फिल्म और ओटीटी के साथ-साथ अमृता थिएटर से भी गहराई से जुड़ी हुई हैं। इस बार उन्होंने मराठी रंगभूमि में अपने नए नाटक ‘लग्न पंचमी’ के जरिए एक्टिंग के साथ-साथ प्रोड्यूसर के रूप में भी डेब्यू किया है।

अब तक मुंबई, पुणे, सातारा, सांगली और कोल्हापुर में 10 शो हो चुके हैं।
अमृता कहती हैं,

“थिएटर जो संतुष्टि देता है, वह किसी और मंच से नहीं मिलती। 700–800 लोग जब आपको लाइव देखने आते हैं और शो के बाद तालियां बजाते हैं, वह अनुभव अनमोल है।”


संघर्ष, आभार और आगे का सफर

अपने पूरे करियर को देखते हुए अमृता इसे उतार-चढ़ाव से भरा मानती हैं।
“हर कोई मेहनत करता है, लेकिन हर किसी का काम नोटिस नहीं हो पाता। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे दर्शकों का इतना प्यार मिला।”

2026 की इस मजबूत शुरुआत के साथ अमृता खानविलकर ने यह साफ कर दिया है कि वह आने वाले समय में भी एक्सपेरिमेंटल, दमदार और ईमानदार किरदारों से दर्शकों को चौंकाती रहेंगी—चाहे वह ओटीटी हो, थिएटर हो या बड़े पर्दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *