सागर। प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की दर बढ़ाकर 2625 रुपये प्रति क्विंटल कर दी है। साथ ही गेहूं उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि सरकार ने गेहूं खरीदी पर 40 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस देने का फैसला किया है। इससे किसानों को पहले की तुलना में अधिक लाभ मिलेगा और अब समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ दिलाना है।
मंत्री राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय नागलवाड़ी में आयोजित कृषि कैबिनेट की बैठक के बाद लिया गया है। मुख्यमंत्री लगातार ऐसे निर्णय ले रहे हैं जिनसे प्रदेश के अन्नदाताओं को सीधा लाभ मिल सके।

12 लाख से अधिक किसानों ने कराया पंजीयन
खाद्य मंत्री ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक प्रदेश में 12 लाख 4 हजार 708 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन करा लिया है। प्रदेश के कई जिलों में बड़ी संख्या में किसान पंजीयन कराकर सरकारी खरीदी का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं। सागर जिले में अब तक 46 हजार 731 किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि उज्जैन में 95 हजार 821, सीहोर में 80 हजार 36 और विदिशा में 62 हजार 996 किसानों ने पंजीयन कराया है।
पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध
मंत्री राजपूत ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों पर की गई है। इसके अलावा तहसील कार्यालयों में स्थापित केंद्रों और सहकारी समितियों तथा सहकारी विपणन संस्थाओं के माध्यम से भी किसान अपना पंजीयन करा सकते हैं।
सशुल्क केंद्रों पर भी उपलब्ध सुविधा
उन्होंने बताया कि पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी की गई है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी केंद्र पर जाकर पंजीयन करा सकते हैं।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से अपील की है कि जो किसान अभी तक पंजीयन नहीं करा पाए हैं, वे 10 मार्च तक अपना पंजीयन कराकर समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने का लाभ जरूर लें। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।