सागर | भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोकलपुर का सोमवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से भोपाल में उपचाररत थे। उनके निधन की खबर मिलते ही सागर सहित पूरे संभाग में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। सभी ने उनके सरल स्वभाव, जमीनी राजनीति और संगठन के प्रति समर्पण को याद किया।

दोपहर 2 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
राजेंद्र सिंह मोकलपुर की अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर 2 बजे उनके निजी निवास पथरिया जाट से निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और शुभचिंतक उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
शिवराज सरकार में रहे उपाध्यक्ष, मंडी अध्यक्ष भी संभाली जिम्मेदारी
राजेंद्र सिंह मोकलपुर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार में मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष रहे। इसके साथ ही उन्होंने सागर कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी निभाई।
2008 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हुए थे शामिल
उनका राजनीतिक सफर लंबा और सक्रिय रहा। वे पहले कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे, लेकिन वर्ष 2008 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। भाजपा में आने के बाद उन्हें खनिज विकास निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया।
सुरखी क्षेत्र में मजबूत पकड़, चौपालों से बनाया जनसंपर्क
राजेंद्र सिंह मोकलपुर सुरखी विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहते थे। वे गांव-गांव जाकर चौपाल लगाते, लोगों से सीधे संवाद करते और घंटों तक समस्याएं सुनते थे। इसी जमीनी जुड़ाव और कार्यकर्ताओं के प्रति अपनत्व के कारण वे पार्टी में बेहद लोकप्रिय नेता माने जाते थे।
उनके निधन से सागर जिले की राजनीति और भाजपा संगठन को गहरा आघात पहुंचा है।