गांधी मेडिकल कॉलेज की छात्रा का शव मिला, पास में मिली खाली एसिड की बोतल !

Spread the love

भोपाल। गांधी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने राजधानी में सनसनी फैला दी है। छात्रा का शव उसके हॉस्टल के बाथरूम में पड़ा मिला, वहीं पास में एक खाली एसिड की बोतल भी पाई गई। रोशनी पिछले साल अक्टूबर में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में कॉलेज में एडमिशन लिया था और कोहेफिजा थाना क्षेत्र के प्राइवेट हॉस्टल में रह रही थी।

सुबह जब नहीं उठीं, तो दोस्तों ने की तलाश

जानकारी के अनुसार, रोशनी सुबह कॉलेज के लिए अपने कमरे से बाहर नहीं निकली। साथ पढ़ने वाले छात्रों ने कई बार उसे आवाज दी और फोन कॉल भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद छात्रों ने हॉस्टल गार्ड को सूचना दी। गार्ड ने कमरे और फिर बाथरूम का दरवाजा तोड़ा, जहां रोशनी का शव पड़ा मिला।

छात्राओं ने बताया कि बाथरूम के पास एक खाली एसिड की बोतल भी पड़ी हुई थी। घटना की सूचना तुरंत कॉलेज प्रबंधन को दी गई।

अस्पताल ले जाते ही घोषित हुई मृत

रोशनी को सुबह करीब 8:30 बजे हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी मेडिसिन विभाग ले जाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार और पृष्ठभूमि

रोशनी आलीराजपुर की रहने वाली थी। छात्राओं ने बताया कि वह पिछले हफ्ते ही घर से लौटकर भोपाल आई थी। पढ़ाई को लेकर गंभीर और शांत स्वभाव की बताई जाने वाली रोशनी ने चार महीने पहले गांधी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था।

डीन ने बताया, पढ़ाई का दबाव था

कॉलेज की डीन कविता एन. सिंह ने कहा कि रोशनी के मोबाइल में भेजे गए संदेशों से यह पता चला कि वह पढ़ाई को लेकर तनाव में थी। मेहनत के बावजूद पढ़ाई ठीक से समझ नहीं पा रही थी, जिससे उसका मानसिक दबाव बढ़ा था।

पोस्टमॉर्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा

रोशनी के शव को भोपाल के मसूरी क्षेत्र स्थित मॉर्चुरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दे दी है। कोहेफिजा थाना पुलिस घटना की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।

घटना ने कॉलेज परिसर और छात्रों में गंभीर चिंता और शोक पैदा कर दिया है। प्रशासन और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *