दतिया, 22 जुलाई 2025। थाना गोदन में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) प्रमोद पावन ने मंगलवार सुबह थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पूर्व उन्होंने तीन वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनमें थाना प्रभारी अरविंद भदौरिया, थरेट TI अनफासुल हसन, ड्राइवर रूपनारायण यादव और रेत माफिया बबलू यादव पर मानसिक प्रताड़ना और जातिगत अपमान के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

वीडियो में प्रमोद ने बताया कि उन्होंने बबलू यादव का अवैध रेत ट्रैक्टर रोका था, जिसके बाद से उन्हें थाने से बाहर नहीं जाने दिया गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। प्रमोद ने वीडियो में यह भी कहा कि उक्त माफिया द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।
रात में प्रमोद ने यह वीडियो अपने बेटे को भेजे, जिसने सुबह कॉल कर जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर परिजनों ने मौके पर पहुंच शव को फंदे पर लटका पाया।
एसपी सूरज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच डीएसपी अजाक उमेश गर्ग को सौंपी गई है और एक विशेष टीम गठित की जा रही है। निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया गया है।