देश की प्रतिष्ठित मैनेजमेंट प्रवेश परीक्षा कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस परीक्षा में भोपाल के आकाशदीप गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.67 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। CAT 2025 का आयोजन IIM कोझिकोड द्वारा किया गया था और परिणाम आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर उपलब्ध हैं।
CAT 2025 में देशभर से करीब 2.58 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा का आयोजन भारत के 170 शहरों में स्थित 339 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। CAT को देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है, जिसके जरिए IIMs सहित कई प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूलों में MBA और PGDM जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है।

घर पर रहकर की तैयारी
भोपाल निवासी आकाशदीप गोयल ने IIIT ग्वालियर से बीटेक की पढ़ाई की है। उनकी मां डॉ. मंजूषा गोयल, गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के शिशु रोग विभाग की एचओडी हैं।
डॉ. गोयल के अनुसार, आकाशदीप ने CAT की पूरी तैयारी घर पर रहकर की। उन्होंने कोचिंग की बजाय सेल्फ स्टडी पर अधिक भरोसा किया। भले ही IIMs की ओर से आधिकारिक टॉपर लिस्ट अभी जारी नहीं हुई है, लेकिन 99.67 पर्सेंटाइल के साथ आकाशदीप को देश के टॉप IIMs से इंटरव्यू कॉल मिलना लगभग तय माना जा रहा है।
फाइनल आंसर की पहले हो चुकी थी जारी
IIM कोझिकोड ने CAT 2025 की फाइनल आंसर की 17 दिसंबर को जारी कर दी थी। इसके बाद उम्मीदवारों को अपने संभावित स्कोर का अंदाजा लग गया था। परीक्षा तीन अलग-अलग स्लॉट्स में आयोजित की गई थी, इसलिए सभी स्लॉट्स के अंकों को समान स्तर पर लाने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई गई।
क्या होता है नॉर्मलाइजेशन?
मल्टी स्लॉट परीक्षाओं में हर स्लॉट की कठिनाई अलग हो सकती है। ऐसे में किसी भी उम्मीदवार को नुकसान या फायदा न हो, इसके लिए सांख्यिकीय तरीके से अंकों को समायोजित किया जाता है। इसी प्रक्रिया के बाद फाइनल पर्सेंटाइल तय होता है।
कट ऑफ के बाद शुरू होगा असली मुकाबला
CAT रिजल्ट के बाद अब चयन की अगली और अहम प्रक्रिया शुरू होगी। हर IIM अपनी अलग-अलग कट ऑफ पर्सेंटाइल तय करता है। कट ऑफ क्लियर करने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
दूसरे चरण में होगी WAT और इंटरव्यू
दूसरे चरण में आमतौर पर WAT (लिखित परीक्षा), PI (पर्सनल इंटरव्यू) और कुछ संस्थानों में GD (ग्रुप डिस्कशन) या अन्य मूल्यांकन प्रक्रियाएं शामिल होती हैं। इस दौरान उम्मीदवार के व्यक्तित्व, सोच, संचार कौशल और प्रबंधन क्षमता का आकलन किया जाता है।
हर IIM की चयन नीति अलग होती है, जिसमें 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन के अंक, कार्य अनुभव, अकादमिक विविधता और जेंडर डायवर्सिटी जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाता है।
IIM कोझिकोड और अन्य IIMs ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे इंटरव्यू शेड्यूल, शॉर्टलिस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन से जुड़ी जानकारी के लिए नियमित रूप से संबंधित संस्थानों की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।