बोलैंड पार्क में सोमवार शाम खेले गए SA-20 लीग मुकाबले में जॉबर्ग सुपर किंग्स (JSK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पार्ल रॉयल्स को 45 रन से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ ही JSK ने बोनस प्वाइंट सहित प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए जॉबर्ग सुपर किंग्स ने 6 विकेट पर 166 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए पार्ल रॉयल्स की पूरी टीम 18.1 ओवर में 122 रन पर सिमट गई।
दबाव में डु प्लॉय की मैच विनिंग पारी
प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए यह मुकाबला JSK के लिए बेहद अहम था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम की शुरुआत सामान्य रही, लेकिन अंतिम ओवरों में डु प्लॉय ने हालात बदल दिए। उन्होंने 27 गेंदों में नाबाद 54 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। अंतिम दो ओवरों में 32 रन बने, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। चोटिल फाफ डु प्लेसिस की जगह टीम में शामिल हुए डु प्लॉय ने वकार सलामखेल के एक ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़कर मैच का रुख पलट दिया।

मिडिल ऑर्डर रहा फीका
JSK की ओर से नील टिमर्स ने 39 गेंदों में 37 रन बनाए। माइकल पेपर और मैथ्यू डी विलियर्स ने 27-27 रन का योगदान दिया, लेकिन मिडिल ऑर्डर रन गति को तेज नहीं कर सका। पार्ल रॉयल्स की ओर से वकार सलामखेल ने 2 विकेट लिए।

स्पिन जोड़ी ने पार्ल रॉयल्स को किया ढेर
167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पार्ल रॉयल्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। कप्तान डेविड मिलर के चोटिल होकर बाहर रहने से बल्लेबाजी क्रम कमजोर दिखा। लुआन-ड्रे प्रिटोरियस (32 रन) और डैन लॉरेंस (45 रन) ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत की राह पर नहीं ला सके।
JSK के लिए प्रेनेलन सुब्रायन और इमरान ताहिर की स्पिन जोड़ी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच एकतरफा बना दिया। दोनों ने मिलकर 7 ओवर में सिर्फ 31 रन देकर 5 विकेट झटके। सुब्रायन ने 14 रन देकर 3 विकेट, जबकि ताहिर ने 17 रन देकर 2 विकेट लिए।
पॉइंट्स टेबल का हाल
ग्रुप स्टेज के बाद सनराइजर्स ईस्टर्न केप 28 अंकों के साथ शीर्ष पर रही है और वह क्वालिफायर-1 में प्रिटोरिया कैपिटल्स से भिड़ेगी। वहीं, पार्ल रॉयल्स (24 अंक) और जॉबर्ग सुपर किंग्स (22 अंक) के बीच गुरुवार को एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा।