इंदौर के खजराना इलाके में गुरुवार सुबह एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) सुरेश बुनकर की महिलाओं ने जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि वह एक विवाहित महिला के घर आपत्तिजनक हालत में मिला और नशे में गाली-गलौज कर रहा था।

गुस्साए परिजनों और पड़ोसियों ने SI को डंडों से पीटा, कपड़े फाड़ दिए और बिजली के पोल से बांधने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, लेकिन शुरुआती विरोध के कारण बल को पीछे हटना पड़ा। बाद में अतिरिक्त फोर्स बुलाकर SI को भीड़ से छुड़ाया गया।

TI मनोज सेंधव ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है और कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। वहीं, SI बुनकर को सस्पेंड कर दिया गया है।

गौरतलब है कि सुरेश बुनकर पूर्व में भी विवादों में रह चुका है और दो साल पहले भी ड्यूटी के दौरान उसकी पिटाई हो चुकी है।