WPL: RCB की लगातार पांचवीं जीत, गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह !

Spread the love

वडोदरा: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के चौथे सीजन में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए लगातार पांचवां मुकाबला जीत लिया है। सोमवार को कोटाम्बी स्टेडियम में खेले गए मैच में RCB ने गुजरात जायंट्स को 61 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही बेंगलुरु की टीम ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।

गौतमी नायक की शानदार फिफ्टी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की शुरुआत खराब रही। पावरप्ले में ही ग्रेस हैरिस और जॉर्जिया वोल 1-1 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने गौतमी नायक के साथ पारी संभाली और दोनों के बीच अहम फिफ्टी साझेदारी हुई। मंधाना 26 रन बनाकर आउट हुईं, लेकिन गौतमी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी।

गौतमी नायक ने विकेटकीपर ऋचा घोष के साथ भी अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। ऋचा ने 27 रन बनाए, जबकि गौतमी नायक ने 73 रन की शानदार पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। अंत में राधा यादव (17), श्रेयांका पाटील (8) और नदीन डी क्लर्क (4) के योगदान से RCB ने 20 ओवर में 178 रन बनाए।

गुजरात की ओर से कप्तान एश्ले गार्डनर और काशवी गौतम ने 2-2 विकेट लिए।

गेंदबाजों ने गुजरात को किया ढेर

179 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने मात्र 5 रन पर 3 विकेट गंवा दिए। सोफी डिवाइन, कनिका आहूजा और बेथ मूनी जल्दी पवेलियन लौट गईं। कप्तान एश्ले गार्डनर ने संघर्ष करते हुए फिफ्टी जरूर लगाई, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 117 रन ही बना सकी।

RCB की ओर से तेज गेंदबाज सयाली साटघरे ने लगातार दूसरे मैच में 3 विकेट झटकते हुए शानदार गेंदबाजी की। नदीन डी क्लर्क ने 2 विकेट लिए, जबकि लौरेन बेल, राधा यादव और श्रेयांका पाटील को 1-1 सफलता मिली।

प्लेऑफ में सबसे पहले पहुंची RCB

2024 की चैंपियन RCB ने चौथे सीजन में लगातार पांच जीत दर्ज कर नॉकआउट राउंड में प्रवेश कर लिया है। अब तक किसी भी अन्य टीम ने तीन मैच भी नहीं जीते हैं। पॉइंट्स टेबल में RCB शीर्ष पर बनी हुई है और एक बार फिर खिताब की मजबूत दावेदार नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *