
मलयालम एक्ट्रेस देवकी के 2017 में हुए अपहरण और यौन उत्पीड़न केस में एर्नाकुलम सेशन कोर्ट ने मंगलवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। करीब 9 साल पुराने मामले में कोर्ट ने फिल्म एक्टर दिलीप को सभी आरोपों से बरी कर दिया, जबकि मुख्य आरोपी ‘पल्सर सुनी’ सहित छह लोगों को आपराधिक साजिश, अपहरण, हमला और गैंगरेप के मामले में दोषी ठहराया है।
17 फरवरी 2017 को देवकी ने आरोप लगाया था कि प्रोमो शूट के लिए जाते समय पांच लोगों ने उनकी कार रोककर दो घंटे तक चलती गाड़ी में यौन उत्पीड़न किया और वीडियो भी बनाया। घटना की जांच के दौरान दिलीप पर साजिश रचने का आरोप लगा था।
ट्रायल में 261 गवाहों के बयान हुए और 109 दिनों तक बहस चली। दिलीप के खिलाफ बयान देने वाले कई गवाह बाद में पलट गए, जिससे केस कमजोर पड़ गया। अब 12 दिसंबर को दोषियों को सजा सुनाई जाएगी।