अवैध शराब के विरोध में लहरावदा गांव की महिलाओं का फूटा गुस्सा !

Spread the love

सागर, 14 जून 2025।
सागर जिले की देवरी तहसील अंतर्गत कंजिया पुलिस चौकी क्षेत्र के लहरावदा गांव में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ शुक्रवार को गांव की महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। दर्जनों महिलाएं हाथों में रस्सी लेकर देवरी तहसील कार्यालय पहुंचीं और नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे तहसील परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेंगी।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में तीन स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है। उन्होंने ज्ञापन में रोहित लोधी, कपूर लोधी और हरकिशन लोधी पर अवैध शराब बेचने का आरोप लगाया है। महिलाओं ने बताया कि इन तीनों के खिलाफ 181 पर शिकायत की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर शराब जब्त की थी, लेकिन मात्र एक दिन बाद ही शराब की अवैध बिक्री पुनः शुरू हो गई।

“घर में रहना मुश्किल हो गया है”
ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि शराबियों के कारण गांव में रहना दूभर हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं हर समय भय के साए में जी रहे हैं। महिलाएं शाम के बाद घर से बाहर निकलने से डरने लगी हैं। शराब पीकर लोग घरों के सामने हुड़दंग मचाते हैं, गाली-गलौज करते हैं और कई बार लड़ाई-झगड़े की स्थिति बन जाती है।

महिलाओं का कहना है कि जब पुलिस द्वारा कार्रवाई के अगले ही दिन फिर से शराब बेचना शुरू कर दिया जाता है, तो यह सवाल उठता है कि प्रशासन कितनी गंभीरता से इन मामलों को ले रहा है। उन्होंने संदेह जताया कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत के चलते आरोपी बेखौफ होकर अवैध कारोबार चला रहे हैं।

प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई और गांव में शराब की बिक्री नहीं रुकी, तो वे सामूहिक आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी।

इस विरोध प्रदर्शन ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है। तहसीलदार कार्यालय ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। कंजिया चौकी पुलिस को भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि अवैध शराब का व्यापार केवल कानून व्यवस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक संकट का विषय बन चुका है, जिससे ग्रामीण जीवन खासकर महिलाओं और बच्चों का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस बार प्रशासन सिर्फ आश्वासन नहीं देगा, बल्कि ठोस कार्रवाई कर दोषियों पर नकेल कसेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *