उन्नाव-शिवपुरी मामलों में एनएसयूआई का प्रदर्शन, सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप !

Spread the love

उन्नाव/शिवपुरी। उन्नाव रेप केस में भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर की हाल ही में रिहाई, अंकिता भंडारी केस में सीबीआई जांच की मांग और शिवपुरी में भाजपा नेता के बेटे पर लगे दुष्कर्म के आरोपों को लेकर एनएसयूआई ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष पार्थ रघुवंशी ने किया।

कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारे लगाए। पार्थ रघुवंशी ने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं और आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्नाव जैसे गंभीर मामले में आरोपी की रिहाई न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने के बावजूद भाजपा नेताओं और उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगने के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की जाती है।

पार्थ रघुवंशी ने मांग की कि ऐसे मामलों में आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए। एनएसयूआई ने अंकिता भंडारी केस में सीबीआई जांच की भी दोबारा मांग की और शिवपुरी की पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की अपील की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष राजवर्धन राजपूत, नगर अध्यक्ष सलीम अली, नरेंद्र साहू, फरहान, राघवेंद्र, अभिजीत, सचिन, वक़ार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *