विदिशा में दर्दनाक सड़क हादसा: जन्मदिन की खुशी मातम में बदली, तीन दोस्तों की मौत !

Spread the love

विदिशा। जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे छह दोस्तों की कार मेलुआ चौराहे पर सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

कुरवाई थाना के एसआई शैलेंद्र नायक के अनुसार, हादसा रात करीब 1.30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय अंकित साहू, 19 वर्षीय तन्मय शर्मा और 30 वर्षीय जगदीश साहू के रूप में हुई है। हादसे के समय कार जगदीश साहू चला रहा था। अंकित साहू आगे की सीट पर, जबकि तन्मय शर्मा बीच की सीट पर बैठा था।

हादसे में जगदीश गोंड, मोंटी अहिरवार और तन्मय श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पहले कुरवाई अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के मुताबिक, कुरवाई निवासी तन्मय शर्मा का जन्मदिन था। वह अपने पांच दोस्तों के साथ शिवशंकर ढाबे में पार्टी मनाने गया था। पार्टी के बाद सभी कार से कुरवाई लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा डंपर के पिछले हिस्से में फंस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई और सीटें काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

बताया गया कि तन्मय शर्मा कुरवाई के वार्ड नंबर 5 में जामा मस्जिद के पास रहता था। वह फर्स्ट ईयर का छात्र था। उसकी मां प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं और पिता मजदूरी करते हैं। हादसे में जान गंवाने वाले जगदीश साहू की दुकान थी, जबकि अंकित साहू प्राइवेट नौकरी करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *