सागर में जैविक/प्राकृतिक हाट बाजार को मिली सफलता, दूसरे रविवार को 1.5 लाख की बिक्री !

Spread the love

सागर। जिला प्रशासन सागर, कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना की पहल पर लगाए जा रहे जैविक एवं प्राकृतिक हाट बाजार को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। दूसरे रविवार को पीटीसी ग्राउंड के पास आयोजित हाट बाजार में करीब डेढ़ लाख रुपए की बिक्री दर्ज की गई। इससे न केवल प्रशासन बल्कि किसानों में भी खासा उत्साह देखने को मिला है। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले समय में यह हाट बाजार किसानों के लिए स्थायी बाजार का रूप ले सकता है।

हाट बाजार में किसानों और उपभोक्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। करीब 40 से अधिक जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसान और उत्पाद विक्रेता इसमें शामिल हुए, जबकि लगभग 250 से 300 उपभोक्ताओं ने सीधे किसानों से खरीदारी की। किसानों ने बताया कि उनके द्वारा लाए गए अनाज, दालें, सब्जियां, फल और अन्य खाद्य उत्पाद कम समय में ही बिक गए।

वहीं बाजार में पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि अब लोग धीरे-धीरे रसायन मुक्त और शुद्ध खाद्य उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूक हो रहे हैं। उत्पादों की गुणवत्ता, शुद्धता और उचित मूल्य को लेकर उपभोक्ताओं ने संतोष व्यक्त किया। किसानों ने भी कहा कि इस व्यवस्था से उन्हें अपनी उपज का सही मूल्य मिल रहा है।

हाट बाजार में जैविक अनाज, दालें, सब्जियां, फल, मसाले सहित अन्य प्राकृतिक खाद्य उत्पाद विक्रय के लिए उपलब्ध रहे। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह हाट बाजार आगे भी नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *