सागर। जिले के सानौधा क्षेत्र में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़ी पुठ्ठा फैक्ट्री में भूसे के ढेर के बीच करीब 10 फीट लंबा अजगर मिला। मजदूर जब मवेशियों के लिए भूसा ट्रॉली में भरने पहुंचे, तभी उनकी नजर विशाल अजगर पर पड़ी। घबराए मजदूरों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम स्नेक कैचर अकील बाबा के साथ मौके पर पहुंची। अजगर का वजन करीब 40 किलो होने के कारण अकील बाबा उसे अकेले काबू में नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे असद खान को बुलाया। इस दौरान अजगर पास की नाली में घुस गया, जहां से पिता-पुत्र ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर सुरक्षित पकड़ लिया।

अकील बाबा ने बताया कि अजगर काफी पुराना और भारी भरकम था। इससे पहले भी इसी फैक्ट्री परिसर से दो अजगर के बच्चों का रेस्क्यू किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि कड़ाके की ठंड से बचने के लिए जीव-जंतु गर्म जगहों की तलाश में रहते हैं, इसी वजह से अजगर भूसे के ढेर में छिपकर बैठा था।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम के साथ अजगर को जंगल ले जाया गया, जहां उसे सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें।