इंदौर। क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.82 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। जब्त ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है। आरोपी के पास से बाइक सहित कुल 2 लाख 30 हजार रुपए का माल बरामद किया गया है।
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम लोखंडे पुल पहुंची। वहां सड़क किनारे एक व्यक्ति काले रंग की बिना नंबर की बाइक पर बैठा मिला, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने जब घेराबंदी की तो वह घबरा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम भूपेंद्र डिगवा निवासी एरोड्रम क्षेत्र बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 13.82 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। जांच में सामने आया कि भूपेंद्र वाहन रिपेयरिंग का काम करता है और आठवीं तक पढ़ा हुआ है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह ज्यादा पैसा कमाने के लालच में ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ब्राउन शुगर कहां से लाता था और शहर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। इसके साथ ही उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।