कपूरथला में रोड रेज से बढ़ी रंजिश, दो पक्षों में खूनी भिड़ंत !

Spread the love

पंजाब के कपूरथला जिले के गांव थेहवाला में सोमवार देर शाम रोड-रेज के बाद दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। दोनों ओर से ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि फुटेज में एक युवक हाथ में पिस्टल लहराता नजर आ रहा है—जबकि जिले में पंचायत व जिला परिषद चुनावों को देखते हुए हथियार रखने पर प्रशासन ने 1 दिसंबर से ही प्रतिबंध लगाया हुआ है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

दंपती पर 10–15 लोगों ने किया हमला

अस्पताल में भर्ती घायल नोनीहाल सिंह ने बताया कि वह पत्नी के साथ गांव संधारा जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार का शीशा एक अन्य गाड़ी से हल्का-सा टकरा गया। इसी बात पर दूसरे पक्ष के 10–15 लोग भड़क गए और उन पर हमला कर दिया। उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए गए।

CCTV फुटेज कब्जे में, पुलिस ने जांच शुरू की

सूचना मिलते ही थाना तलवंडी चौधरियान पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर लोधी के डीएसपी धीरेंदर वर्मा ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फुटेज की जांच के बाद आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि फायरिंग होने की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन पर उठे सवाल

चुनावों को देखते हुए जिला प्रशासन ने हथियार रखने और ले जाने पर पाबंदी लगा रखी है। इसके बावजूद आरोपी युवक के हाथ में हथियार दिखना सुरक्षा-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *