खुरई क्षेत्र की 9 क्षतिग्रस्त सड़कों के उन्नयन हेतु भूपेंद्र सिंह ने लिखा पत्र !

Spread the love

सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित 9 क्षतिग्रस्त सड़कों के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन की मांग को लेकर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखा है।

पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि खुरई और मालथौन विकासखंडों में ग्राम सड़क योजना एवं लोक निर्माण विभाग की सड़कों से लंबी कनेक्टिविटी बनने के कारण इन मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन बढ़ गया है। इसके चलते नौ सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने इन सड़कों के शीघ्र मजबूतीकरण और उन्नयन की आवश्यकता बताई है।

मालथौन विकासखंड के जिन सात मार्गों के उन्नयन की मांग की गई है, उनमें एनएच-44 से उप्र सीमा तक किशनगढ़-माहुलखास-भटनोरा-सीपुरखास-कुंवरपुरा-बेसरातिराहा-दुगाहांकला-दुगाहाखुर्द-नरेन नदी मार्ग, एनएच-26 से बरोदियाकलां-मड़ावनपायक-मड़ावनगौरी-परसोन मार्ग, इमलिया-आसोली मार्ग, दुगाहांकला-झौलसी मार्ग, झींकनी-चंद्रापुर मार्ग, रजवांस-हड़ली मार्ग तथा एनएच-26 अटाटीला मार्ग पर पुल निर्माण शामिल है।

वहीं खुरई विकासखंड के बांदरी-जरुआखेड़ा मार्ग से बूधौन-कुमरोल-धनौरा मार्ग तथा एनएच-934 से टीहर-रुसल्ला-सिलारपुर-सिलगांव मार्ग (जिससे बीना एवं विदिशा तक सीधा संपर्क स्थापित होगा) को भी सुदृढ़ करने की मांग की गई है।

भूपेंद्र सिंह ने पत्र में इन सभी मार्गों पर शीघ्र कार्य प्रारंभ कर क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *