दमोह।
दमोह देहात थाना पुलिस ने गुरुवार दोपहर मुख्य सड़क मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टू-व्हीलर, फोर-व्हीलर और यात्री बसों सहित विभिन्न वाहनों के दस्तावेज जांचे गए। दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर कुल 15 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई और 4,000 रुपये राजस्व वसूला गया।
बाइक और कार चालकों को दी गई समझाइश
अभियान में सबसे पहले बाइक चालकों पर ध्यान दिया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को हेलमेट पहनने की सलाह दी गई। बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले चालकों को भी समझाइश दी गई और उन्हें कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए।

बसों की भी हुई जांच
यात्री बसों की फिटनेस, पैनिक बटन की कार्यप्रणाली और परमिट की वैधता की गहन जांच की गई। जिन बसों में मानकों की कमी पाई गई, उन पर भी चालानी कार्रवाई हुई।
‘हंड्रेड लाइफ’ अभियान के तहत जागरूकता
दमोह पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे ‘हंड्रेड लाइफ’ अभियान के तहत बाइक चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए जा रहे हैं और उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। अभियान के अगले महीने से बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।