सागर शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्माश्री इलाके में मंगलवार देर रात दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। घर के सामने नाली और कचरा फेंकने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हुई मारपीट में 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्माश्री रोड निवासी पुरुषोत्तम यादव (40) और उनके पड़ोस में रहने वाले नरेंद्र एवं सुरेंद्र यादव के परिवार के बीच लंबे समय से नाली और कचरा फेंकने को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस और गालीगलौज हुई, फिर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़े के दौरान लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल हुआ।
मारपीट के दौरान 60 वर्षीय बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को शांत कराया। घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बुधवार सुबह जैसे ही मौत की खबर फैली, अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग एकत्र हो गए। परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध स्वरूप कुछ समय के लिए चक्काजाम भी किया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया।

मोतीनगर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पड़ोसियों के बीच नाली और कचरा फेंकने को लेकर विवाद की पुष्टि हुई है। मारपीट के दौरान बुजुर्ग घायल हुए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हुई। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर प्रकरण में धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।
पुलिस ने क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात किया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय स्थिति न बने। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
78060077338, 9109619237