शाहगढ़ में नर्स हत्याकांड: सात दिन बाद भी आरोपी फरार, पुलिस ने घोषित किया 10 हजार का इनाम

Spread the love

सागर जिले के शाहगढ़ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नर्स की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी वारदात के सात दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस सागर से लेकर जबलपुर तक लगातार दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी ठिकाने बदलकर बच निकल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, फरार आरोपी का नाम सुशील पिता रामसेवक चढ़ार (उम्र 28 वर्ष) निवासी मुड़िया, थाना पनागर, जिला जबलपुर है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल एसडीओपी बंडा के मोबाइल नंबर 7587635630 या शाहगढ़ थाना प्रभारी के नंबर 7701055712 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

गौरतलब है कि मृतका दीपशिखा चढ़ार (उम्र 26 वर्ष), निवासी पाटन (जबलपुर), पिछले करीब दो वर्षों से शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। वह अस्पताल से लगभग 100 मीटर दूर किराए के कमरे में रहती थीं। 4 फरवरी की रात उनकी ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। ड्यूटी के लिए पैदल अस्पताल जाते समय गेट के पास आरोपी ने उन्हें रोका। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने उनका हाथ पकड़कर जबरदस्ती की, विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और कट्टे से फायरिंग कर दी। तीन में से दो गोलियां पीठ में लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील चढ़ार मृतका का रिश्तेदार है और कथित रूप से एकतरफा प्रेम करता था। शादी के प्रस्ताव को लेकर तनाव की बात भी सामने आई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने शाहगढ़ क्षेत्र के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्चिंग की, जबकि जबलपुर पुलिस ने आरोपी के घर और रिश्तेदारों के यहां दबिश दी। इसके बावजूद आरोपी अब तक फरार है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
78060077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *