निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर रोड पर लक्ष्मणपुरा के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से टीकमगढ़ जा रही सवारी बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सौभाग्य से किसी की जान नहीं गई, हालांकि बस और ट्रक के चालक समेत कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घायलों का मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया।
सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल की। बस की बोनट और ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सभी यात्रियों को वैकल्पिक बस के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।