पीथमपुर में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 24 घायल, दो की हालत गंभीर; इलाज में देरी पर आक्रोश !

Spread the love

धार/पीथमपुर। धार जिले की औद्योगिक नगरी पीथमपुर में आगरा–मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन के पलट जाने से 24 मजदूर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक बालक का कान कटकर अलग हो गया, जबकि कई बच्चों और मजदूरों को हाथ-पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद 17 घायलों को इंदौर रेफर किया गया है।

ओवरटेक के प्रयास में हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार यह दुर्घटना संजय जलाशय चौकी क्षेत्र में हुई। पिकअप वाहन खेतों में आलू बीनने का काम करने के बाद मजदूरों को लेकर पीथमपुर लौट रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने पिकअप को ओवरटेक करने की कोशिश की। अचानक संतुलन बिगड़ने से पिकअप सड़क पर पलट गई। पल भर में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

नाबालिग भी थे सवार

हादसे में घायल मजदूरों में कई नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पलटी के दौरान मजदूर वाहन से उछलकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे चोटें गंभीर हो गईं। एक बालक का कान कट गया, जबकि दो बच्चों को सिर में गहरी चोट आई है।

पुलिस-राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर 17 घायलों को इंदौर रेफर किया गया। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।

घायलों के नाम

हादसे में घायल मजदूरों में वंशिका पिता सुलतान, सतीया पिता सुलतान, मंजू पिता सुलतान, ज्योति पिता महेश, भारती पिता चौहान, संजू पिता मुकेश, शिवानी पिता चन्दन, सुमन पिता लक्ष्मण, अरुण पिता संतोष, रोशनी पिता मोहन, राहुल पिता मोहन, आनंद पिता प्रेम, सावन पिता रूपेश, पायल पिता उमेश, कुलदीप पिता महेंद्र, निर्मला और किरण पिता चंदर सिंह शामिल हैं। इनके अलावा अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं, जिससे कुल संख्या 24 हो गई है।

एंबुलेंस में देरी, परिजनों में नाराजगी

घायलों को इंदौर भेजने में देरी को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। आरोप है कि नगर पालिका कर्मचारियों की लापरवाही के कारण समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। घटना के करीब एक घंटे बाद तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नगर पालिका की कोई एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में पीथमपुर, बगदून, सादलपुर और बेटमा क्षेत्रों से आई 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को इंदौर रवाना किया गया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक की कोशिश और तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं, भारी संख्या में मजदूरों को पिकअप में बैठाकर ले जाने को लेकर भी जांच की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *