इंदौर। नए साल के जश्न यानी 31 दिसंबर को लेकर इंदौर पुलिस ने सुरक्षा, शांति व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्लानिंग की है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने शहर के होटल, बार-पब, फॉर्म हाउस और मैरिज गार्डन संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें साफ-साफ बता दिया कि इस दिन क्या करना है और क्या नहीं करना है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार 31 दिसंबर को होने वाले आयोजनों में किसी भी तरह की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही समन्वय और सख्ती जरूरी है। इसी क्रम में विजय नगर, बायपास सहित शहर के छोटे-बड़े होटल, बार-पब और मैरिज गार्डन संचालकों को बैठक में बुलाया गया। इस बैठक में करीब 150 से अधिक संचालक शामिल हुए।
वैध अनुमति और नियमों का पालन अनिवार्य
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी संचालकों को अपने परिसर में वैध लाइसेंस, परमिट और अनुमति पत्र अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने होंगे। निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन करना होगा और शराब परोसने के लिए आबकारी नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी सभी SOP और निर्देशों का पालन करना अनिवार्य रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने कहा कि—
- एंट्री गेट पर आने वाले हर व्यक्ति का आईडी कार्ड चेक किया जाए।
- आईडी की फोटोकॉपी और मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से लिया जाए।
- प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच और बैक चेकिंग की व्यवस्था हो।
- किसी भी आपत्तिजनक सामग्री के मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी जाए।
- सभी सीसीटीवी कैमरे चालू रहें और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए।
- प्रशिक्षित बाउंसर और सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जाएं।
- फायर सेफ्टी उपकरण सक्रिय अवस्था में रखें।
- बंद परिसर में पटाखे या पिरो तकनीक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- आने वाले मेहमानों की संख्या के अनुसार कम से कम 10 प्रतिशत महिला-पुरुष वॉलंटियर्स सुरक्षा के लिए तैनात किए जाएं।

भीड़ और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर फोकस
भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने सख्त दिशा-निर्देश दिए—
- क्षमता से अधिक लोगों को एंट्री न दी जाए।
- पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रहे, अवैध पार्किंग न होने दी जाए।
- पार्किंग एरिया में पर्याप्त लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरे हों।
- पार्किंग स्थल पर सुरक्षाकर्मी अनिवार्य रूप से तैनात रहें।
- नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को रोका जाए और कैब ड्राइवर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
महिलाओं और आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष निर्देश देते हुए कहा—
- महिलाओं से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करें।
- किसी भी तरह की अशोभनीय हरकत को तुरंत रोका जाए।
- शिकायत और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएं।
- परिसर में महिला सुरक्षाकर्मी अनिवार्य रूप से तैनात रहें।
क्या नहीं करना है, यह भी साफ-साफ बताया
पुलिस अधिकारियों ने बैठक में यह भी स्पष्ट कर दिया कि—
- बिना अनुमति लाइव म्यूजिक, डीजे या डांस शो आयोजित नहीं किए जाएंगे।
- निर्धारित समय के बाद शराब परोसना या प्रोग्राम जारी रखना प्रतिबंधित रहेगा।
- नाबालिगों को शराब परोसना या एंट्री देना सख्त अपराध है।
- तेज आवाज में संगीत बजाने पर कार्रवाई होगी।
- अश्लील नृत्य, आपत्तिजनक प्रदर्शन या भड़काऊ गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी।
- मारपीट, हुड़दंग या झगड़े की स्थिति को नजरअंदाज न किया जाए।
- नशे में लोगों को वाहन चलाने न दिया जाए।
- किसी भी प्रकार का हथियार या नशीला पदार्थ परिसर में प्रवेश न करे।
- फायर सेफ्टी या आपात निकास को बाधित न करें।
- पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों से असहयोग न करें।
- सीसीटीवी, लाइटिंग या सुरक्षा व्यवस्था जानबूझकर बंद न रखें।
नियम तोड़े तो सख्त कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी कि किसी भी तरह के विवाद या अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देना अनिवार्य होगा। निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण, परिसर सीलिंग, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी आयोजक या प्रबंधक की होगी।
इंदौर पुलिस का कहना है कि नए साल का जश्न सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए, इसके लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।