नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो शो ‘मन की बात’ के 127वें एपिसोड में देशवासियों को छठ पूजा की बधाई दी और लोगों से इस महापर्व में शामिल होने की अपील की। उन्होंने GST बचत उत्सव, सरदार पटेल की 150वीं जयंती, रन फॉर यूनिटी, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय स्वच्छता पहल जैसी कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की शुरुआत में पीएम मोदी ने छठ पर्व को लेकर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश में त्योहारों का उल्लास है। “कुछ दिन पहले दिवाली मनाई गई और अब छठ पर्व मनाया जा रहा है। आप जहां भी हैं, वहीं से इस महापर्व में भाग लें।” पीएम ने छठ पर्व को संस्कृति, प्रकृति और समाज की गहरी एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि समाज का हर वर्ग छठ घाटों पर एक साथ आता है।

GST बचत उत्सव के संबंध में पीएम मोदी ने कहा कि इस बार त्योहारों के दौरान लोगों में उत्साह देखने को मिला। बाजारों में स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी में जबरदस्त वृद्धि हुई, जिससे देश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय उत्पादकों को लाभ मिला।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पहल हर भारतीय को गर्व से भर देती है। इस साल उन क्षेत्रों में भी दीप जलाए गए जहां पहले माओवादी आतंक का अंधेरा था।
प्रधानमंत्री ने 7 नवंबर को ‘वंदे मातरम’ के 150वें वर्ष को यादगार बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह गीत पहली बार 1896 में रवींद्रनाथ टैगोर ने गाया था और यह भारत की आज़ादी की भावना का अहम प्रतीक है। पीएम ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पूरे मन से इस आयोजन में भाग लें और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत विरासत बनाएं।

पीएम मोदी ने समाज में सकारात्मक पहल करने वाले लोगों की भी तारीफ की। उन्होंने बेंगलुरु के इंजीनियर कपिल शर्मा को उजागर किया, जिन्होंने 6 झीलों और 40 कुओं को साफ कर पुनर्जीवित किया। स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए उनकी सराहना की।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रधानमंत्री ने मैंग्रोव लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद के धोलेरा तट पर 3,500 हेक्टेयर में मैंग्रोव लगाए गए, जिससे समुद्री जीव और मछली पालन को भी लाभ मिला। उन्होंने लोगों से भारतीय नस्ल के कुत्तों को अपनाने की भी सलाह दी, क्योंकि यह कुत्ते स्थानीय परिवेश में आसानी से ढल जाते हैं और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा भी अपनाए गए हैं।
सरदार पटेल की 150वीं जयंती को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के सबसे महान व्यक्तियों में से एक रहे हैं। गांधीजी से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी में भाग लें और दूसरों को भी प्रेरित करें।

प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गार्बेज कैफे जैसी अनूठी पहल का जिक्र भी किया। यहां शहर से प्लास्टिक कचरा साफ करने के लिए विशेष कैफे चलाए जा रहे हैं, जहां प्लास्टिक कचरे के बदले भरपेट भोजन परोसा जाता है।
‘मन की बात’ का प्रसारण 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी किया जाता है। इसमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तो, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर के माध्यम से यह कार्यक्रम पूरे देश और विदेश में प्रसारित होता है।