मुंबई। मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने के फैसले के बाद इंडस्ट्री और फैंस के बीच हलचल तेज हो गई है। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर इतने सफल करियर के बावजूद अरिजीत ने यह कदम क्यों उठाया। इसी बीच सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे और अटकलें सामने आईं, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा फिल्म बॉर्डर 2 के एक आइकॉनिक देशभक्ति गीत से जुड़े कथित विवाद की रही। अब इस पूरे मामले पर फिल्म के को-प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
क्या है पूरा मामला?
मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि मुंबई के म्यूजिक सर्कल्स में यह चर्चा है कि अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से पीछे हटना कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि यह सोच धीरे-धीरे बन रही थी।

पोस्ट में कहा गया कि अरिजीत सिंह बड़े म्यूजिक लेबल्स के काम करने के तरीके से काफी समय से असंतुष्ट थे। खासतौर पर एक ताकतवर म्यूजिक लेबल मालिक के बारे में दावा किया गया कि वे रचनात्मक फैसलों में जरूरत से ज्यादा दखल देते हैं और बिजनेस दबाव बनाते हैं, जिससे कलाकारों की आजादी सीमित हो जाती है।
देशभक्ति गाने के रीमेक को लेकर असहमति का दावा
वायरल पोस्ट के मुताबिक, अरिजीत सिंह उस वक्त और ज्यादा परेशान हो गए जब उन पर एक देशभक्ति गाने का रीमेक गाने का दबाव बनाया गया। दावा किया गया कि अरिजीत इस रीमेक से न तो खुश थे और न ही रचनात्मक रूप से इससे सहमत थे, लेकिन फिर भी उनसे यह गाना गाने के लिए कहा गया। पोस्ट में यह भी कहा गया कि इसी अनुभव ने उनके फैसले को और स्पष्ट कर दिया।
हालांकि, इस पोस्ट में किसी फिल्म का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया था, लेकिन सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि यह मामला बॉर्डर 2 से जुड़ा हो सकता है।

संगीत नहीं, सिस्टम से दूरी की बात
वायरल पोस्ट में यह भी कहा गया कि अरिजीत सिंह न तो संगीत छोड़ रहे हैं और न ही सिनेमा से संन्यास ले रहे हैं। वे सिर्फ मौजूदा म्यूजिक इंडस्ट्री के सिस्टम से खुद को अलग कर रहे हैं। दावा किया गया कि अरिजीत अपनी प्रोडक्शन कंपनी शुरू करने की योजना बना रहे हैं, जहां वे अपनी सादगी भरी और शांत कहानी कहने की शैली वाली फिल्में बना सकें।
इसके अलावा, वे अपने म्यूजिक प्लेटफॉर्म Oriyon Music पर भी फोकस करेंगे और इसे ऐसा लेबल बनाना चाहते हैं, जहां कलाकारों को पूरी रचनात्मक आजादी मिले—बिना जबरदस्ती के रीमेक या फैक्ट्री-स्टाइल हिट गानों के दबाव के।
भूषण कुमार ने किया दावे का खंडन
इन तमाम अटकलों के बीच फिल्म बॉर्डर 2 के को-प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है।
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान जब उनसे अरिजीत सिंह पर दबाव बनाए जाने के दावे के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
भूषण कुमार ने साफ शब्दों में कहा,
“आप अरिजीत को फोन करके खुद पूछ लीजिए। यह सब पूरी तरह बकवास है।”
सोशल मीडिया पर बहस जारी
भूषण कुमार के बयान के बावजूद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ फैंस अरिजीत सिंह की रचनात्मक स्वतंत्रता का समर्थन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इंडस्ट्री के अंदरूनी कामकाज को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
फिलहाल, अरिजीत सिंह की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, ऐसे में उनके अगले कदम को लेकर फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।