रतलाम ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने दिया इस्तीफा, संगठन में दूसरा मामला !

Spread the love

भोपाल/रतलाम।
आलीराजपुर के बाद अब रतलाम ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गहलोत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजे इस्तीफे में कहा है कि पारिवारिक कारणों और विधानसभा क्षेत्र के दायित्वों के निर्वहन के चलते वे संगठनात्मक जिम्मेदारी का समुचित निर्वाह नहीं कर पा रहे हैं।

गौरतलब है कि जीतू पटवारी दिसंबर 2023 में मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। इसके करीब 18 महीने बाद अगस्त 2025 में उन्होंने प्रदेश में 71 जिला कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा की थी, जिसमें पहले से रिक्त रतलाम ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद पर हर्ष विजय गहलोत की नियुक्ति की गई थी।

हालांकि नियुक्ति के करीब चार माह बाद ही गहलोत ने पद छोड़ दिया। इससे पहले 6 दिसंबर को आलीराजपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल ने भी व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। अपने इस्तीफे में उन्होंने लिखा था कि उन्होंने कार्यकाल के दौरान संगठन को मजबूत करने का पूरा प्रयास किया है।

ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के अगले दिन इस्तीफा

उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर मंगलवार को ही प्रदेशभर में 780 ब्लॉक एवं उप ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। इसके ठीक अगले दिन रतलाम ग्रामीण जिला अध्यक्ष का इस्तीफा सामने आना संगठन में चर्चा का विषय बन गया है।

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़वानी से कांग्रेस विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत लंबी प्रक्रिया के बाद नियुक्तियां हुई हैं। यदि इसके बाद भी अध्यक्ष इस्तीफा दे रहे हैं, तो कहीं न कहीं प्रक्रिया में चूक है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों पर संगठन संज्ञान लेकर आवश्यक निर्णय करेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *