सतना: NH-30 पर खड़े ट्रक में खलासी का शव मिलने से मचा हड़कंप, सागर का रहने वाला था मृतक !

Spread the love

सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ओढ़की टोल प्लाजा के पास खड़े एक ट्रक में खलासी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। ट्रक के केबिन के अंदर खलासी मृत अवस्था में पड़ा हुआ था, जिसकी जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही रामपुर बाघेलान थाना पुलिस, डायल-112 और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

सागर जिले का रहने वाला था मृतक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP 15 ZL 2022 में ड्राइवर सुभाष लाड़िया के साथ खलासी अजय लोधी यात्रा कर रहा था। अजय लोधी सागर जिले के सदर बाजार मोहल्ला, वार्ड क्रमांक-17 का निवासी था। घटना के समय ड्राइवर भी ट्रक के केबिन में ही मौजूद था।

मौत के कारणों पर सस्पेंस बरकरार

खलासी की मौत किन कारणों से हुई, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है। आशंका जताई जा रही है कि अजय लोधी की मौत तबीयत बिगड़ने के कारण हुई हो सकती है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और 1033 एंबुलेंस को बुलाया गया। पुलिस ने शव को ट्रक से बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा

फिलहाल पुलिस बीमारी, आपसी विवाद, जहरखुरानी या अन्य संदिग्ध पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही ट्रक ड्राइवर से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *