सागर। जिले के गढ़ाकोटा में चल रहे रहस मेले के दौरान 28 फरवरी को ‘युवा संगम रोजगार मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। आयोजन तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
इस मेले का उद्देश्य जिले के शिक्षित एवं अशिक्षित युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। देश और प्रदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां यहां पहुंचकर युवाओं का सीधे इंटरव्यू लेंगी और पात्र अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन करेंगी। चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार वेतन दिया जाएगा।
दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने वाले सभी आवेदकों को निम्न दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे—
- रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण पत्र
- समग्र आईडी
- दो पासपोर्ट साइज फोटो
- शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची/प्रमाण पत्र
इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों ने युवाओं से समय पर पहुंचकर पंजीयन कराने और पूर्ण दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।
प्रमुख कंपनियों की रहेगी भागीदारी

मेले में विभिन्न सेक्टर की नामचीन कंपनियां भाग लेंगी, जिनमें प्रमुख रूप से —
- Quess Corp Limited
- Blinkit
- Motorola
- Maruti Suzuki
- HDFC Bank
- Axis Bank
- IDFC First Bank
- Paytm
- LIC
- TVS Motor Company
इनके अलावा आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग, फाइनेंस, हेल्थकेयर, एग्रीकल्चर और स्किल डेवलपमेंट सेक्टर की अन्य कंपनियां भी भाग लेंगी।
विभिन्न पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले में कई तरह के पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें शामिल हैं—
- टेक्सटाइल मैनेजर
- कंप्यूटर ऑपरेटर
- टेली कॉलर
- वर्क फ्रॉम होम
- ऑनलाइन सेल्स
- कलेक्शन ऑफिसर
- एचआर रिक्रूटर
- ई-कॉमर्स एग्जीक्यूटिव
- मोबाइल ऐप डेवलपर
- डिजिटल मार्केटिंग
- पीएचपी डेवलपर
- एमआईएस एग्जीक्यूटिव
- मशीन ऑपरेटर
इसके अलावा अप्रेंटिसशिप, प्रोडक्शन, मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव, मार्केटिंग सेल्समैन, वेलनेस एडवाइजर, मोबाइल असेंबलिंग, वेयरहाउस एसोसिएट, क्वालिटी इंस्पेक्टर और अन्य तकनीकी पदों पर भी युवाओं का चयन किया जाएगा।
स्वरोजगार के लिए लोन सुविधा
रोजगार के साथ-साथ युवाओं को स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। MSME विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। जो युवा अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उन्हें शासन की योजनाओं के तहत ऋण (लोन) उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।
इस पहल से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि जिले में उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
‘युवा संगम रोजगार मेला’ सागर जिले के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है। प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस मेले में शामिल होकर अपने भविष्य को नई दिशा देने की अपील की है।