खुरई में सड़क हादसा: अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल !

Spread the love

खुरई, गुरुवार। रजवांस रोड स्थित धनौरा गांव के पास गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल बाइक चालक घूमन पिता भगवती राय (43) निवासी बाहरपुर, खुरई से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे धनौरा गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की सहायता से घायल को सिविल अस्पताल खुरई में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों के अनुसार, घायल के चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। उनका उपचार जारी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

घायल की पत्नी ने बताया कि उनके पति खुरई बाजार से आवश्यक सामान खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान एक कार चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फरार कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने रजवांस रोड पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *