युवा नेता अविराज सिंह ने कहा है कि सागर स्थित रुद्राक्ष धाम आने वाले समय में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने यह बात शहर के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों से सौजन्य भेंट के दौरान कही, जहां उन्होंने आगामी श्रीराम कथा एवं भगवान श्री हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र वितरित किए।
इस क्रम में अविराज सिंह ने प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत तथा देवरी विधायक बृजबिहारी पटेरिया से उनके निवास पर भेंट कर उन्हें विधिवत आमंत्रण प्रदान किया। उन्होंने जानकारी दी कि इस भव्य धार्मिक आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी आगमन प्रस्तावित है।

अविराज सिंह ने जनप्रतिनिधियों को रुद्राक्ष धाम, सागर में आयोजित होने जा रहे सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव एवं नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक चेतना एवं आध्यात्मिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करेगा।
उन्होंने बताया कि रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में आगामी 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। वहीं 1 फरवरी 2026 को नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अपेक्षित है।

अविराज सिंह ने बताया कि इस पावन अवसर पर प्रयागराज से पधारे सुप्रसिद्ध श्रीराम कथा वाचक पं. श्री प्रेमभूषण जी महाराज के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक भगवान श्रीराम की पावन कथा का रसपान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा के श्रवण से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति, धर्म, मर्यादा और सेवा भाव की अनुभूति होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की व्यापक एवं सुव्यवस्थित तैयारियां की जा रही हैं। सागर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अविराज सिंह ने नगर एवं अंचल के समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया।

इसके अतिरिक्त अविराज सिंह हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति, डीडी नगर मकरोनिया सागर द्वारा आयोजित विशाल हिन्दू सम्मेलन में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक एकता के संदेश को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और एकता को सशक्त करने का कार्य करते हैं।