प्रख्यात योगाचार्य विष्णु आर्य के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंदसिंह राजपूत उनके निवास पर पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। मंत्री श्री राजपूत ने श्री आर्य के उपचार की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि योगाचार्य विष्णु आर्य का योग जगत में योगदान अतुलनीय है। उन्होंने वर्षों से योग के माध्यम से समाज को स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया है और हजारों लोगों को योग से जोड़ा है। श्री राजपूत ने कहा कि श्री आर्य द्वारा योग के क्षेत्र में किया गया कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुलाकात के दौरान मंत्री श्री राजपूत और योगाचार्य विष्णु आर्य के बीच योग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों, योग के महत्व तथा समाज में योग के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। मंत्री राजपूत ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग को अपनाना अत्यंत आवश्यक है और विष्णु आर्य जैसे योगाचार्य समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इस दौरान योगाचार्य विष्णु आर्य के पुत्र, वरिष्ठ पत्रकार विनोद आर्य, सुबोध आर्य सहित परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। परिवारजनों ने मंत्री श्री राजपूत को श्री आर्य के स्वास्थ्य की स्थिति से अवगत कराया।
मंत्री श्री राजपूत ने परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि शासन सदैव समाजसेवा और योग के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि योगाचार्य विष्णु आर्य शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः समाज सेवा और योग प्रचार के कार्यों में सक्रिय हों।