सागर में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी तेज, 10वीं-12वीं परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित !

Spread the love

सागर: माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में कुल 142 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 58 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

58,880 छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा

जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 58,880 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 33,998 और कक्षा 12वीं के 24,882 छात्र-छात्राएं हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों को भी परीक्षा शुरू होने से पहले अपने मोबाइल फोन केंद्र पर जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी को मंडल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।

दो परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील घोषित

जिले के दो परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें शासकीय पंडित रविशंकर शुक्ल कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और महारानी लक्ष्मीबाई सांदीपनि विद्यालय क्रमांक-1 (सागर) शामिल हैं। इन केंद्रों पर विशेष ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन केंद्रों पर प्रश्न पत्रों और गोपनीय सामग्री का वितरण पुलिस अभिरक्षा में किया जाए। समन्वय संस्था में 24 घंटे पुलिस गार्ड तैनात रहेंगे।

उड़न दस्ता और कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता पर रोक लगाने के लिए उड़न दस्तों को सक्रिय रखा जाएगा, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिला स्तर और विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे, ताकि परीक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।

बैठक में संभागीय अधिकारी (माशिमं) आर.एस. दाहिमा, समन्वय संस्था के प्राचार्य सुधीर तिवारी, शैलेंद्र जाट सहित शिक्षा विभाग और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा को गंभीरता से दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *