रहली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 7 पेटी अवैध देशी शराब जब्त, एक नाबालिग समेत दो गिरफ्तार !

Spread the love

सागर: अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सागर जिले की रहली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब और कार सहित कुल 2 लाख 63 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक एमपी 15 सीबी 3582 के जरिए बड़ी मात्रा में शराब का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई और इमलिया रोड पर वाहन चेकिंग लगाई गई।

डिक्की में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब

चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार आते हुए दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोका। कार में सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर जब तलाशी ली गई, तो कार की डिक्की से 7 पेटी देशी शराब बरामद हुई। शराब को बड़ी चालाकी से छिपाकर ले जाया जा रहा था।

शराब मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर ही कार को जब्त कर लिया और दोनों आरोपियों को थाने ले आई। जांच के दौरान एक आरोपी नाबालिग पाया गया, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान हल्केभाई उर्फ हल्ले पटेल निवासी पचारा पिपरिया के रूप में हुई है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि अवैध शराब परिवहन के आरोप में दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत लगभग 2.63 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आरोपियों से शराब के स्रोत और नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *