गोपालगंज थाना क्षेत्र की नाखरे वाली गली में बेटे और उसके दोस्त ने गला दबाकर की हत्या, गहनों की चोरी भी की
सागर। शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र की नाखरे वाली गली 22 अगस्त की रात दिल दहलाने वाली वारदात से कांप उठी। यहां 46 वर्षीय साधना ठाकुर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही बेटे अजय सिंह ठाकुर ने अपने दोस्त राहुल उर्फ देव यादव के साथ मिलकर की। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खून से लथपथ मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। साधना ठाकुर के चेहरे, सिर, कान और नाक से खून बह रहा था। खून से लथपथ शव को देखकर मोहल्ले में सनसनी फैल गई। पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हत्या का केस दर्ज किया गया।

बेटे पर ही गया शक, साइबर सेल ने पकड़ा
हत्या के बाद साधना ठाकुर का बेटा अजय अचानक गायब हो गया था। पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने दोस्त राहुल यादव के साथ मिलकर सौतेली मां की हत्या की है।
गहनों के लिए भी की वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि अजय और राहुल पीथमपुर में मजदूरी करते थे। साधना, बेटे के दोस्त राहुल के घर पर रुकने से नाराज रहती थीं और अक्सर रोक-टोक करती थीं। इसी बात पर गुस्साए अजय ने दोस्त राहुल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पिता के बाहर होने का फायदा उठाकर दोनों ने साधना का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घर में रखे सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों से चोरी के गहने भी बरामद कर लिए हैं।
अदालत में पेश
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने जानकारी दी कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि वारदात के पीछे घरेलू कलह और लालच की कहानी है, जिसमें एक बेटे ने अपनी ही मां जैसी महिला की जान ले ली।