सागर। एस.आई.आर. अभियान के द्वितीय चरण की समीक्षा के दौरान सोमवार को विधायक शैलेंद्र कुमार जैन शासकीय माध्यमिक शाला, मोहन नगर पहुंचे। उन्होंने यहां बी.एल.ओ. से चर्चा कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली और विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री जैन ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और शैक्षणिक वातावरण के बारे में जानकारी प्राप्त की। गेम्स पीरियड के दौरान कैरम खेल रही छात्राओं के साथ उन्होंने स्वयं कैरम खेला और खेल के माध्यम से अनुशासन, एकाग्रता और टीम भावना का महत्व समझाया।

विधायक श्री जैन ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं से भी चर्चा कर विद्यालय की दर्ज संख्या और उपस्थिति की जानकारी ली तथा शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इस अवसर पर स्थानीय वार्ड पार्षद धर्मेंद्र खटीक, नितिन सोनी, जुगल प्रजापति, मंडल अध्यक्ष अमित बैसाखिया, अंशुल हर्षे, बालकिशन सोनी, चक्रेश चौधरी सहित शाला के शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।