इंदौर। तेजाजी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 450 ग्राम सोना और ढाई किलो चांदी जब्त की है। जब्त आभूषणों की कीमत 68 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर यह बड़ी बरामदगी हुई।
सोमवार को डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आकाश पिता अर्जुन बघेल निवासी अलीराजपुर, पंकज पिता भाग निवासी टांडा और शेरू पुत्र हरू वसुनिया निवासी टांडा शामिल हैं।

डकैती और लूट की वारदातों में थे शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी तेजाजी नगर और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के साथ-साथ बड़गौदा, पीथमपुर और धार क्षेत्र में भी लूट व डकैती की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपियों से चोरी और लूट का माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों पर बीते तीन महीनों से नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आकाश के पास से एक देशी कट्टा और 8 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।

आरोपियों पर दर्ज हैं कई मामले
मुख्य आरोपी आकाश पर लूट और डकैती के करीब 7 अपराध विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जबकि शेरू पर 6 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पंकज के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों का संबंध बाणगंगा डकैती कांड की सोमला गैंग से भी रहा है। तेजाजी नगर पुलिस पहले भी आकाश पर दो बार कार्रवाई कर चुकी है।
पुलिस अब आरोपियों से आगे की पूछताछ कर अन्य वारदातों का खुलासा करने में जुटी है।