इंदौर: जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का विजय नगर जोन कार्यालय पर प्रदर्शन !

Spread the love

इंदौर। शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को विजय नगर जोन कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मास्टर प्लान सड़क और मेट्रो का काम एक साथ चलने से शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है।

कांग्रेस का कहना है कि शहर के कई इलाकों में गंदा और ड्रेनेज का पानी घरों में घुस रहा है, जिससे लोगों को मजबूरन गंदा पानी पीना पड़ रहा है। सड़कों की खुदाई के कारण पूरे शहर में अव्यवस्था का माहौल है और बुनियादी सुविधाएं चरमरा गई हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अलग-अलग प्रोजेक्ट एक साथ चलने से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ गई है। कई क्षेत्रों की सड़कें बदहाल हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे, विनय बाकलीवाल, राहुल सिंह, देवेंद्र सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने वार्ड 30 और 37 की समस्याओं को लेकर नारेबाजी की और नगर निगम पर अनदेखी का आरोप लगाया।

मेयर का पलटवार

कांग्रेस के आरोपों पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सफाई देते हुए कहा कि विजय नगर क्षेत्र में मास्टर प्लान सड़क और मेट्रो का काम एक साथ चल रहा है। इसी कारण कहीं-कहीं डैमेज का पानी आ सकता है, लेकिन शिकायत मिलते ही उसका तत्काल समाधान किया जा रहा है।

मेयर ने कहा कि बिना खुदाई के न तो निर्माण संभव है और न ही सीवरेज या पानी की लाइन डाली जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पार्षद भी अपने क्षेत्रों में मजबूत पानी और सीवरेज लाइन की मांग करते हैं, जिसके लिए सड़क खोदनी ही पड़ती है।

महापौर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस कोई ऐसी नई तकनीक बता दे, जिससे बिना खुदाई के लाइनें डाली जा सकें, तो नगर निगम उसे अपनाने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *